उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। नाम में सिंह लिखने के विवाद में तीन लोगों ने बुधवार रात अधेड़ की लाठियों से पीट-पीटकर कर हत्या कर दी। बचाने दौड़े तीन रिश्तेदार भी मारपीट में घायल हो गए।
वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग गए। हालांकि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है। मऊ थाना क्षेत्र के ग्राम पीप रोड पर बुधवार रात 8 बजे शिरोमणि सिंह (52) घर के अंदर जा रहे थे।
परिजन ने बताया कि इसी दौरान गांव के छोटू पांडेय समेत तीन लोगों ने शिरोमणि को आवाज देकर रोका। कहा कि तू अपने नाम में सिंह क्यों लिखता है। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते छोटू समेत अन्य आरोपियों ने लाठियों से एक के बाद एक कई प्रहार शिरोमणि के सिर पर कर दिए।
इससे उनके सिर के पीछे गहरी चोट आई और खून बहने लगा। शिरोमणि बचाओ…बचाओ चिल्लाते हुए जमीन पर गिर पड़े। इसी बीच रिश्तेदार सुनील, सुधीर, मंजीत बचाने के के लिए दौड़ पड़े। तीनों ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया।
हमले के बाद आरोपी फरार
ग्रामीणों को एकत्र देखकर सभी आरोपी भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिरोमणि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊ में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायल रिश्तेदारों का इलाज जारी है।
नाम के पीछे सिंह लिखने पर विवाद
पत्नी शिव कुमारिया ने बताया कि उनके आठ बच्चे हैं। पांच बेटियां और तीन बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। उधर, मऊ थाना प्रभारी दुर्विजय सिंह ने बताया कि नाम के पीछे सिंह लिखने पर विवाद हुआ था, जिस पर आरोपियों ने ग्रामीण शिरोमणि की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। तहरीर नहीं मिली है। जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।