कटघर थाने में एक युवती ने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद के भतीजे इमरान के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने असलम खुर्शीद और उनके भाई को जान से मारने की धमकी देने का आरोपी बनाया है।
कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने केस दर्ज कराते हुए बताया कि तीन साल पहले नागफनी के झब्बू का नाला निवासी इमरान से उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी। आठ फरवरी 2023 को आरोपी उसे अपने घर ले गया।
आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि गर्भवती होने पर दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। उसने शादी के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद आरोपी उसे अपने दोस्त के घर ले गया, उस समय दोस्त के परिजन बाहर गए थे।
आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक माह पहले आरोपी इमरान उसे आजाद नगर में अपने दोस्त के घर ले गया। उस वक्त आरोपी के दोस्त के परिजन बाहर गए थे। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो बना लिया।
आरोपी ने धमकी दी कि अगर वह कहीं शिकायत करेगी तो वीडियो वायरल कर दूंगा। पीड़िता का कहना है कि उसने आरोपी के परिजनों से शिकायत की तो इमरान के पिता इस्लाम और ताऊ असलम खुर्शीद ने भी उसे जान से मारने की धमकी दी।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़ित युवती की तहरीर पर आरोपी इमरान, उसके पिता इस्लाम और ताऊ असलम खुर्शीद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।