केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। वोट चोरी से जुड़े बयान को लेकर उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी का अपना थेथरलॉजी है।” गिरिराज सिंह के मुताबिक, राहुल गांधी हार से मुंह छिपाने और कार्यकर्ताओं को झूठा दिलासा देने के लिए अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में जीतती है, तब वोट चोरी की बात नहीं करती। “उस समय क्यों नहीं कहते कि हमारा वोट चोरी हुआ? वे अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं,” उन्होंने कहा।
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “कांग्रेस ने तो डकैती की है, वोट को लूटती थी।” उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए और कहा कि इनके नेतृत्व में राजनीतिक मर्यादा टूटती रही है।
दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में ही इस तरह की गालियां दी जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की रैलियों में “कब्र खुदेगी” जैसे नारे सैकड़ों बार लगाए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि अब समय आ गया है जब जनता जवाब दे रही है और राहुल गांधी तथा सोनिया गांधी से देश से माफी मांगने की बात कर रही है।
इससे पहले सोमवार को भी गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस के नेता फ्रस्ट्रेशन और हताशा में हैं। “इनके पास कोई काम नहीं बचा है, सिर्फ गालियां देना ही रह गया है। कांग्रेस की कब्र जनता ने खोद दी है,” उन्होंने कहा था।

