अलीगढ़ के लोधा थाना अंतर्गत गांव भगवान पुर और बुलाकगढ़ी के पांच मंदिरों की दीवारों पर अराजकतत्वों ने आई लव मोहम्मद लिख दिया। जिसकी सूचना पर पहुंचे करणी सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। कई थानों का पुलिस बल भी वहां पहुंच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव भगवान पुर के दो और बुलाकगढ़ी के तीन मंदिरों की दीवारों पर आई लव मोहम्मद लिखा देखा गया। जिसकी जानकारी होने पर करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेंद्र सिंह चौहान कार्यकर्ताओं के साथ गांव में पहुंचे। वहां पर गभाना थाने सहित कई थानों का पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस आनन-फानन मंदिरों पर लिखे आई लव मोहम्मद को मिटाने लगी तो कार्यकर्ता कार्रवाई नहीं होने तक नहीं मिटाने पर अड़ गए।
पुलिस ने करणी सेना के कार्यकर्ता सचिन कुमार को हिरासत में लिया, जिससे और माहौल गरमा गया। बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ। करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने लोधा थाने में कार्रवाई के लिए पत्र भी दिया।
थाना लोधा अंतर्गत आज प्रातः एक प्रकरण संज्ञान में आया कि एक देवस्थल पर कुछ धार्मिक नारे लिख दिये गये हैं। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और धार्मिक नारों को तत्काल हटवाया गया। सभी जगह से नारे हटवा दिये गये हैं। इस सम्बन्ध में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है, अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।- संजीव तोमर, सीओ गभाना, अलीगढ़

